गोंडा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन

गोंडा जिले में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन पुलिस लाइन के प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और लोगों ने हिस्सा लिया और सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राजेश वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी, पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

योग कार्यक्रम के दौरान लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन की ओर बढ़ने का संदेश देता है।

कार्यक्रम में ‘स्वस्थ वृद्धावस्था और महिला सशक्तिकरण’ पर भी जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत रह सकता है तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सकती है।