सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को लेकर बड़ा बयान दिया है। बलिया में एक निजी कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए राजभर ने कहा कि पार्टी को बचाने के लिए आने वाले समय में अखिलेश यादव को हटना पड़ेगा और शिवपाल सिंह यादव पार्टी का नेतृत्व करेंगे।
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि शिवपाल सिंह यादव और अखिलेश यादव से उनके व्यक्तिगत संबंध अच्छे हैं, लेकिन राजनीतिक मंच पर सभी अपने-अपने मुद्दों को लेकर अलग-अलग नजर आते हैं।
उन्होंने बताया कि बेरुआरबारी ब्लॉक के ताहडीला गांव में आयोजित एक निजी कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के भविष्य और नेतृत्व को लेकर अपनी राय रखी।
राजभर के बयान के बाद प्रदेश की सियासत में एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि समाजवादी पार्टी की ओर से इस बयान पर अभी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
