देवरिया जिले की बनकटा पुलिस ने गोवंशीय पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 11 पशुओं को बरामद किया है। पुलिस ने पंचरुखिया-मठिया मार्ग पर सोठाचक गांव के पास एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन (UP61T8320) को पकड़कर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार वाहन में अवैध रूप से ले जाए जा रहे 11 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया गया। इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वाहिद पुत्र फिरोज अहमद निवासी बरदह, आजमगढ़ और अवधेश कुमार पुत्र स्व. घुरहू निवासी रौनापार, आजमगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आसिफ अंसारी निवासी अहिरौला, आजमगढ़ का नाम भी सामने आया है। मामले में थाना बनकटा में मुकदमा संख्या 155/2025 दर्ज कर उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है और मामले की जांच की जा रही है।
