बोकारो में ट्रैफिक नियम तोड़े तो सीसीटीवी से ऑनलाइन कटेगा चालान

 जिले में अब ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सीसीटीवी कैमरों की नजर रहेगी। ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ अब अत्याधुनिक कैमरों की मदद से नियम तोड़ने वालों का ऑनलाइन चालान स्वतः काटा जाएगा।

ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद ने बताया कि बोकारो के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनमें जोधाडीह मोड़, तेलगाड़िया मोड़, धर्मशाला मोड़, नया मोड़, जैनामोड़ और तेनुघाट-पेटरवार चौक शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि लगाए गए कैमरे ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (ANPR) तकनीक से लैस हैं। यह तकनीक ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहनों की नंबर प्लेट को पहचान कर ऑनलाइन चालान प्रक्रिया को आसान बनाएगी।

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि इस व्यवस्था से सड़क सुरक्षा बढ़ेगी और नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी कार्रवाई हो सकेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें।