BRABU PAT रिजल्ट विवाद: टॉपर छात्रों के समर्थन में मशाल जुलूस, कुलपति आवास के बाहर छात्रों का प्रदर्शन

मुजफ्फरपुर के बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय यानी BRABU में पीएचडी प्रवेश परीक्षा PAT 2023-24 की मेधा सूची को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। कथित गड़बड़ी के आरोपों को लेकर छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। टॉपर और गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों के समर्थन में संयुक्त छात्र संगठनों के नेतृत्व में सैकड़ों छात्रों ने मशाल जुलूस निकाला और कुलपति आवास का घेराव किया। एल.एस. कॉलेज गेट से शुरू हुआ यह विरोध मार्च हाथों में मशाल और मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर निकला। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि PAT 2023-24 की मेधा सूची में योग्य और बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों के साथ अन्याय हुआ है।

छात्रों ने मांग की है कि रिजल्ट की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी तरह की अनियमितता सामने आती है तो दोषियों पर कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने कहा कि यूनिवर्सिटी टॉपर और गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


फिलहाल छात्रों का आंदोलन जारी है और सभी की नजर विश्वविद्यालय प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।