मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र में एक युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मामला पतौना थाना क्षेत्र के परसौनी गांव का है, जहां एक युवती अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पतौना थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रयास शुरू किया।
पुलिस ने काफी देर तक समझाने-बुझाने के साथ माइकिंग के जरिए युवती से नीचे उतरने की अपील की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस युवती को टावर से नीचे उतारने में सफल रही।
इसके बाद पुलिस युवती को अपने साथ थाने ले गई, जहां उससे पूरे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल युवती के टावर पर चढ़ने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
