नालंदा में आस्था का महासंगम, साईंनाथ बाबा की पालकी यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

 रहुई प्रखंड के देकपुरा गांव स्थित वार्ड संख्या-13 में श्री श्री 108 बाबा साईंनाथ की भव्य पालकी यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई धार्मिक आयोजन में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग शामिल हुए।

पालकी यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र साईंनाथ बाबा के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ बाबा की पालकी यात्रा में हिस्सा लिया और सुख-समृद्धि की कामना की।

रविवार को आयोजित विशाल भंडारे और भाव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार, पूर्व एमएलसी राजू यादव सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि साईंनाथ बाबा का यह उत्सव लोगों को आस्था और एकता से जोड़ने का काम करता है। उन्होंने धार्मिक आयोजन के साथ-साथ क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की।

इस दौरान स्थानीय लोगों ने रेलवे स्टेशन निर्माण और सड़क निर्माण जैसी मांगों को सांसद के सामने रखा। सांसद ने विकास कार्यों को लेकर अपनी बात रखते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया और भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।