धनबाद पुलिस का वार्षिक फायरिंग दक्षता अभ्यास (मार्क्समैनशिप) अभियान शुरू हो गया है। इस दौरान जिले के वरीय अधिकारियों ने भी फायरिंग रेंज में पहुंचकर निशानेबाजी का अभ्यास किया।
झारखंड सशस्त्र पुलिस-3 के भूंईफोड़ मंदिर के पीछे स्थित फायरिंग रेंज में आयोजित अभ्यास में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार सहित पुलिस के कई वरीय पदाधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने फायरिंग कर लक्ष्य पर सटीक निशाना साधा।
अभ्यास के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने अलग-अलग पोजीशन में फायरिंग का प्रशिक्षण लिया। इसमें लेटकर, बैठकर और अन्य निर्धारित स्थितियों में निशानेबाजी का अभ्यास किया गया।
मौके पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि फायरिंग अभ्यास पुलिस प्रशिक्षण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों की निशानेबाजी क्षमता, हथियारों के सुरक्षित संचालन और आपात परिस्थितियों में तत्परता को बेहतर बनाना है।
उन्होंने बताया कि पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए फायरिंग रेंज को और सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि जवानों को बेहतर प्रशिक्षण मिल सके।
