बिहार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर समस्तीपुर शहर के पटेल मैदान स्थित इंडोर हॉल में जिला प्रशासन और जिला खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।
योग शिविर का शुभारंभ अपर समाहर्ता राजस्व ब्रजेश कुमार और नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने योग के विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीएम ब्रजेश कुमार ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को स्वस्थ एवं संतुलित रखने वाली जीवनशैली है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनावमुक्त होकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन की ओर बढ़ सकता है।
वहीं नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश ने कहा कि योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। इससे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहता है।
इस अवसर पर खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त भारत बनाने की शपथ भी ली। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
