बूढ़ी गंडक नदी के प्रसाद घाट पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन

समस्तीपुर बिहार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति द्वारा समस्तीपुर स्थित बूढ़ी गंडक नदी के प्रसाद घाट पर योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता समस्तीपुर ब्रजेश कुमार, नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश, वरीय उप समाहर्ता धर्मराज, जिला गंगा समिति के डीपीओ नीरजेश कुमार, नोडल पदाधिकारी अजय कुमार, नगर निगम के स्वच्छता पदाधिकारी विवेक कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार ने कहा कि शारीरिक और मानसिक स्फूर्ति के लिए प्रतिदिन योग करना आवश्यक है। योग से शरीर स्वस्थ रहने के साथ-साथ मन को भी शांति मिलती है और जीवनशैली बेहतर होती है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने विभिन्न योग आसनों और प्राणायाम का अभ्यास किया। अधिकारियों ने लोगों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।

जिला गंगा समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था।