भोजपुर के भरत भूषण तिवारी की मौत मामले में जमशेदपुर में विरोध प्रदर्शन

जमशेदपुर बिहार के भोजपुर जिले के बिलौटी गांव निवासी युवा समाजसेवी भरत भूषण तिवारी की कथित पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत को लेकर जमशेदपुर में विरोध प्रदर्शन किया गया। समाजसेवी जीतू सिंह परमार के नेतृत्व में कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भरत भूषण तिवारी लंबे समय से सामाजिक मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे थे। उनका कहना है कि गंगा नदी की बाढ़ से प्रभावित जमुनिया गांव के विस्थापित ग्रामीणों के पुनर्वास और मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर वे लगातार संघर्ष कर रहे थे।

प्रदर्शनकारियों का दावा है कि भरत भूषण तिवारी ने आत्मसमर्पण किया था, बावजूद इसके उनकी पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते हुए मामले में न्याय की मांग की। उन्होंने कहा कि घटना की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।