बिहार के मधुबनी जिले के मधवापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बासुकी बिहारी दक्षिणी गांव में चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने पैक्स अध्यक्ष राम दिनेश चौधरी के छोटे भाई अभय कुमार चौधरी के घर में घुसकर तीन कमरों की आलमारियों को खंगाल डाला और लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था। परिजनों के अनुसार चोरों ने घर से करीब 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण, एक एलईडी टीवी और लगभग 20 हजार रुपये नकद की चोरी की है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मधवापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों की पहचान करने में जुटी है।
ग्रामीणों का कहना है कि देश की रक्षा में सीमा पर तैनात फौजी के घर में भी चोरी की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
