बिहारशरीफ-राजगीर फोरलेन स्थित सिलाव बाईपास पर सोमवार शाम बड़ा हादसा टल गया। एक होटल में नए पीएनजी (PNG) गैस कनेक्शन के दौरान गैस पाइपलाइन में अचानक लीकेज हो गया, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि कनेक्शन जोड़ने के दौरान पाइपलाइन में तेज दबाव के कारण खराबी आ गई और गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया। पाइपलाइन से धमाके जैसी आवाज आने के बाद आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग डरकर मौके से दूर भागने लगे।
गैस रिसाव की सूचना मिलते ही सुरक्षा के मद्देनजर सिलाव बाईपास फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया गया। मौके पर पहुंची टीम ने स्थिति को नियंत्रित किया और गैस सप्लाई को बंद कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो एक चिंगारी से बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
