मानसून से पहले बाढ़ संकट को लेकर प्रशासन अलर्ट, मधवापुर में संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण

मधुबनी मानसून के दस्तक देने से पहले संभावित बाढ़ संकट को देखते हुए मधुबनी जिले के मधवापुर प्रखंड प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बाढ़ की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अंचलाधिकारी सुनील कुमार और उप प्रमुख दीपक कुमार सिंह ने प्रखंड के कई संवेदनशील और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भौगाछी, पिहवाड़ा, सौबरौली, तरैया, करहुआँ, पतार, पर्री, पिरोखड़ और सुजातपुर समेत कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान धौंस नदी के किनारे संभावित कटाव वाले स्थानों की जांच की गई और सुरक्षा कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया।

सीओ सुनील कुमार ने बताया कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन तैयार है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और बाढ़ से जुड़ी किसी भी सूचना तुरंत अधिकारियों तक पहुंचाने की अपील की है।