राजगीर मलमास मेले में रहस्यमयी मौत, 14 दिन बाद मिला जमुई निवासी का शव

राजगीर विश्व प्रसिद्ध राजगीर मलमास मेले में घूमने आए एक अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के मड़ैया गांव निवासी स्वर्गीय बनारसी राम के 55 वर्षीय पुत्र राजदेव राम के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार राजदेव राम 8 जून को राजगीर मलमास मेला घूमने और धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। परिवार वालों से उनकी आखिरी बार 13 जून को फोन पर बातचीत हुई थी, इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया और कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

करीब 14 दिन बाद सोमवार को राजगीर थाना क्षेत्र के जापानी मंदिर के पास उनका शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

परिजनों ने मौत को लेकर संदेह जताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।