भरत तिवारी एनकाउंटर मामला: 400 KM दूर से आया युवक, घर के सामने अनशन पर बैठा

भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग अब और तेज होती जा रही है। मामले में परिजनों और ग्रामीणों की ओर से लगातार उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।

इसी बीच एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। भरत तिवारी के गांव से करीब 400 किलोमीटर दूर पश्चिम चंपारण के बेतिया से पहुंचे सचिन मिश्रा ने भरत तिवारी के परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उनके घर के सामने अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया है।

भीषण गर्मी के बीच अनशन पर बैठे सचिन मिश्रा ने अपना सिर भी मुंडवा लिया है। उन्होंने कहा कि जब तक भरत तिवारी के परिजनों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक वह यहां से नहीं हटेंगे।

सचिन मिश्रा का कहना है कि भरत तिवारी मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मामले में पारदर्शी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं भरत तिवारी के परिजन भी लगातार जांच की मांग को लेकर आवाज उठा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच से ही सच्चाई सामने आ सकेगी।

फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई और जांच को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। अनशन को लेकर इलाके में चर्चा तेज हो गई है।