पप्पू यादव का बड़ा हमला राजगीर कांड पर सरकार को घेरा, बोले- दोषियों को बचाया जा रहा है

राजगीर मॉब लिंचिंग कांड और नगरनौसा डिग्री कॉलेज विवाद को लेकर मंगलवार को बिहारशरीफ में दलित अति पिछड़ा न्याय मार्च निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। नालंदा जिले के राजगीर स्थित झुनुकिया बाबा मंदिर के समीप मॉब लिंचिंग में मारे गए पिंटू पासवान और श्रवण पासवान को न्याय दिलाने की मांग को लेकर बिहारशरीफ में बड़ा प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जन अधिकार पार्टी के नेता पप्पू यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोला।

पप्पू यादव ने कहा कि राजगीर कांड में शामिल आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मामले में दोषियों को बचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

दलित अति पिछड़ा न्याय मार्च की शुरुआत श्रम कल्याण केंद्र मैदान से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला समाहरणालय पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारियों ने जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि राजगीर कांड के दोषियों की जल्द गिरफ्तारी हो, पीड़ित परिवार को न्याय मिले और नगरनौसा डिग्री कॉलेज विवाद में पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। फिलहाल प्रशासन ने मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।