पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के डायमंड सिटी में सोमवार को घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चंद्रदीप, उसके बेटे गोलू और कुछ अन्य लोगों के साथ दो दर्जन से अधिक नकाबपोश महिला-पुरुष पंधारी यादव के घर पहुंचे और हमला कर दिया। इस हमले में पंधारी यादव, उनकी बेटी समेत परिवार के कई लोग घायल हो गए।
घटना पूरी तरह CCTV कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में कुछ नकाबपोश लोग घर के बाहर पहुंचते और गेट पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि हमलावरों ने गैंता समेत अन्य सामान से घर के गेट को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की और जबरन घर में घुसने का प्रयास किया।
घटना के दौरान पंधारी यादव के बेटे और बेटी ने चंद्रदीप के बेटे गोलू को पकड़कर घर के अंदर बंद कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सूचना देने के करीब दो घंटे बाद पिंडराजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पक्षों को थाने ले गई।
बताया जा रहा है कि विवाद जमीन और घर निर्माण को लेकर चल रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि चंद्रदीप ने जमीन और घर बनाने के नाम पर उनसे पैसे लिए थे, लेकिन बाद में विवाद शुरू हो गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पैसे वापस नहीं करने पर अब घर पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
