मोतिहारी में लूटकांड का खुलासा पुलिस ने फरार आरोपी को किया गिरफ्तार

मोतिहारी जिले के आदापुर थाना पुलिस को लूटकांड मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने थाना कांड संख्या 175/26 के तहत दर्ज मामले में एक फरार अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सनी कुमार, पिता राम रतन महतो, निवासी पश्चिमी टोला कोरैया, थाना महुअवा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बांधीधर हाई स्कूल के सामने अनाज व्यवसायी संजय प्रसाद से हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपी की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जमुनाभार गांव के पूर्व स्थित आम के बगीचे से सनी कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने रक्सौल के नागा रोड स्थित उसके किराए के कमरे से घटना में इस्तेमाल किए गए सामान को भी बरामद किया है। पुलिस अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लूटकांड में शामिल सभी लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।