जमशेदपुर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन, 66 युवाओं का हुआ चयन

अवर प्रादेशिक नियोजनालय, जमशेदपुर (गोलमुरी) कार्यालय परिसर में 9 जुलाई 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में स्थानीय और बाहरी कुल 15 कंपनियों ने भाग लिया। कंपनियों द्वारा लगभग 1,800 रिक्त पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की गई।

रोजगार मेले में करीब 800 अभ्यर्थियों ने विभिन्न पदों के लिए आवेदन किया। चयन प्रक्रिया के दौरान 233 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि 66 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों में रोजगार मिलने से उत्साह का माहौल देखा गया।

रोजगार मेले का आयोजन अवर प्रादेशिक नियोजनालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सहायक निदेशक (नियोजन) अजय कुमार, नियोजन पदाधिकारी राहुल कुमार सहित कर्मचारी ऋतुराज, दीपक, रोशन, बिक्रम, अन्नू कुमार एवं कृष्णा सहित अन्य कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

नियोजन विभाग ने बताया कि इस तरह के रोजगार मेले युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। विभाग ने भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन जारी रखने की बात कही।