मधुबनी ड्यूटी के दौरान वाहन में रुपये गिनने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मधुबनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों के विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें अररिया संग्राम थाना क्षेत्र में तैनात एक महिला पुलिस पदाधिकारी सरकारी वाहन के अंदर रुपये गिनती हुई दिखाई दे रही थीं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू की गई।
मधुबनी पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए। प्रारंभिक जांच में मामला प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता और विभागीय आचरण नियमों के उल्लंघन से जुड़ा पाए जाने पर संबंधित महिला दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग में पारदर्शिता और अनुशासन सर्वोपरि है। किसी भी पुलिसकर्मी द्वारा आचरण नियमों का उल्लंघन किए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई को विभागीय अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
