मधुबनी आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए मधुबनी पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में नगर थाना क्षेत्र के पुरानी बस स्टैंड मोहल्ले के रहने वाले अर्जुन मंडल और किशन राम को पुलिस टीम पर हमला करने तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि 22 जून की रात करीब 11 बजे नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि अर्जुन मंडल और किशन राम अपने कुछ साथियों के साथ मुहर्रम के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और शांति व्यवस्था भंग करने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस टीम का विरोध किया और सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला किए जाने का भी आरोप है। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि अर्जुन मंडल का नाम पूर्व में भी कई मामलों में सामने आ चुका है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। मामले में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
