पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल अंतर्गत सेमरा ग्रिड से जुड़े सेमरा, बोरवल सहित दर्जनों गांवों में पिछले करीब 15 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है और हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार दोपहर से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण पेयजल की समस्या, घरेलू कार्य, मोबाइल चार्जिंग और छोटे कारोबार प्रभावित हुए हैं। लगातार बिजली कटौती से क्षेत्र के लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे लोगों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने जल्द से जल्द बिजली बहाल करने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी थी। स्थानीय लोग विभाग से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।
