नालंदा जिले के भागन बीघा थाना क्षेत्र स्थित मोरा तालाब ओवरब्रिज पर एक अज्ञात युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर भागन बीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर (मॉडल) अस्पताल भेजा, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
भागन बीघा थाना अध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष प्रतीत होती है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा की गई तलाशी में युवक के पास से केवल एक खैनी का पाउच बरामद हुआ है, जिससे उसकी पहचान से जुड़ा कोई सुराग नहीं मिल पाया।
पुलिस ने शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक सुरक्षित रखने का निर्णय लिया है। थाना अध्यक्ष ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक की पहचान करता है या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता है, तो तत्काल भागन बीघा थाना या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें, ताकि शव की पहचान कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
