हरनौत के मीराचक में किशोर की मौत से सनसनी, उठ रहे कई सवाल

 नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के मीराचक गांव में 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और मौत को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं।

मृतक की पहचान मीराचक निवासी मनोज राउत के 17 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार धर्मेंद्र घर की छत से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान सीढ़ी अचानक टूट गई और वह उसमें फंसकर गर्दन के बल लटक गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल छा गया।

हालांकि, घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे हादसा मान रहे हैं, जबकि कुछ लोगों द्वारा मामले की गहन जांच की मांग की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।