मोतिहारी बिहार पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में एक नामी ब्रांड के नाम पर कथित रूप से नकली सरसों तेल तैयार कर बाजार में बेचने के मामले का खुलासा हुआ है। कंपनी की शिकायत के बाद रघुनाथपुर थाना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में कथित नकली सरसों तेल, खाली बोतलें और पैकिंग सामग्री बरामद की गई।
बंगे इंडिया लिमिटेड के अधिकृत अधिकारी शीतल कुमार झा ने बताया कि कंपनी को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि मोतिहारी और आसपास के बाजारों में कंपनी के ब्रांड नाम का इस्तेमाल कर कथित रूप से नकली सरसों तेल बेचा जा रहा है। शिकायत की पुष्टि होने के बाद रघुनाथपुर थाना पुलिस के साथ वार्ड संख्या-29 स्थित एक मकान में संयुक्त छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 119 भरी हुई कथित नकली सरसों तेल की बोतलें, 300 खाली प्लास्टिक बोतलें, 186 पैकिंग सामग्री (लेबल/ढक्कन सहित अन्य सामान) तथा तेल पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। सभी सामान को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि नकली तेल का निर्माण कब से किया जा रहा था और इसकी आपूर्ति किन-किन बाजारों में की जा रही थी। मामले में शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि खाद्य उत्पाद खरीदते समय पैकिंग, गुणवत्ता और प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें तथा किसी भी संदिग्ध उत्पाद की जानकारी तत्काल संबंधित कंपनी या पुलिस को दें।
