बिहार पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब राहु पंचायत के पूर्व मुखिया संजय कुमार यादव का शव खेत में स्थित बोरिंग के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तब उन्होंने बोरिंग के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। पहचान होने पर पता चला कि मृतक राहु पंचायत के पूर्व मुखिया संजय कुमार यादव हैं। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्राथमिक तौर पर स्थानीय लोगों द्वारा हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक संजय कुमार यादव के विरुद्ध पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे और वे पिछले कुछ महीनों से कई मामलों में फरार भी चल रहे थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी या कोई अन्य कारण तो नहीं है।
पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी साझा की जाएगी।
