अररिया जिले की जोकीहाट पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,911 लीटर विदेशी शराब से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। इस कार्रवाई में दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने ट्रक को भी अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर जोकीहाट थाना पुलिस ने एनएच-327 स्थित टोल प्लाजा के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक टाटा-812 ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस को देखते ही ट्रक में सवार दो लोग वाहन छोड़कर भागने लगे। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई कुल 1,911 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने बरामद शराब और ट्रक को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पुलिस इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
एसडीपीओ ने कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
