पश्चिम चंपारण उच्च शिक्षा के क्षेत्र में पश्चिम चंपारण को बड़ी सौगात मिली है। बिहार सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत जिले के आठ प्रखंडों में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का बुधवार को वर्चुअल उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर से रिमोट के माध्यम से सभी महाविद्यालयों का एक साथ उद्घाटन किया।
जिले का मुख्य कार्यक्रम चनपटिया प्रखंड स्थित कुमारबाग राजकीय उच्च विद्यालय परिसर में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित किया गया। उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर जिलाधिकारी तरनजोत सिंह, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, चनपटिया के कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि नए राजकीय डिग्री महाविद्यालय खुलने से जिले के हजारों विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में बताया गया कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ाना तथा युवाओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। नए महाविद्यालयों के शुरू होने से छात्रों को दूसरे शहरों में जाकर पढ़ाई करने की आवश्यकता कम होगी।
अधिकारियों ने कहा कि यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में जिले के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और इससे उच्च शिक्षा का दायरा और मजबूत होगा।
