नालंदा जिले के नूरसराय प्रखंड के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा। यहां राजकीय डिग्री महाविद्यालय, नूरसराय का विधिवत उद्घाटन सांसद कौशलेंद्र कुमार ने वैदिक मंत्रोच्चार और फीता काटकर किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के तहत बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर जिले के गोराडीह प्रखंड से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर में 211 नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का एक साथ उद्घाटन एवं शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक प्रखंड में उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
नूरसराय में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि नए डिग्री कॉलेज के खुलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे छात्राओं की शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा और उन्हें दूर-दराज के शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य उच्च शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाना और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
नए महाविद्यालय के संचालन से नूरसराय और आसपास के क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
