बिहार नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब बिहार के शिवहर जिले में भी दिखाई देने लगा है। बागमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और जिले के कई स्थानों पर नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इसे देखते हुए संभावित बाढ़ की आशंका के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से लोगों को लगातार सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। प्रशासन ग्रामीणों को नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित खतरे की जानकारी भी दे रहा है।
प्रशासन ने अभिभावकों से विशेष अनुरोध किया है कि वे छोटे बच्चों को नदी, तटबंध और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास न जाने दें। साथ ही लोगों से तटबंधों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की भी अपील की गई है।
शिवहर के एसडीएम अविनाश कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। बाढ़ से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया गया है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन एवं राहत व्यवस्था तैयार रखी गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत स्थानीय प्रशासन को दें।
