बिहार सरकार ने उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भागलपुर से राज्यभर के विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण सौगात दी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गौराडीह प्रखंड के काशील खरबा गांव में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का उद्घाटन किया। इसी अवसर पर उन्होंने राज्यभर में 211 नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों के शुभारंभ एवं मान्यता प्रक्रिया की शुरुआत भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य के प्रत्येक प्रखंड तक उच्च शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने इसे बिहार के शिक्षा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने रोजगार, उद्योग और महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार की आगामी योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे, जबकि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्राचीन विक्रमशिला विश्वविद्यालय के पुनर्स्थापन को लेकर भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य एक वर्ष के भीतर विक्रमशिला विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है, ताकि बिहार की ऐतिहासिक शैक्षणिक विरासत को नई पहचान मिल सके।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि नए महाविद्यालयों के शुरू होने से राज्य में उच्च शिक्षा का दायरा और मजबूत होगा तथा हजारों विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
