उत्तर प्रदेश के बलिया में जिला कांग्रेस कमेटी ने रेवती थाना क्षेत्र के गायघाट निवासी स्वर्गीय कामजी गोंड की कथित पुलिस उत्पीड़न से हुई मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर गुरुवार को कैंडल मार्च निकाला। यह मार्च बलिया रेलवे स्टेशन परिसर से शहीद पार्क चौक तक निकाला गया, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
कैंडल मार्च का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय, उचित आर्थिक सहायता तथा मामले में कथित रूप से दोषी पुलिसकर्मियों की तत्काल गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार से मांग की कि पूरे मामले की जांच किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तरीके से कराई जाए, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को कानून के अनुसार दंड मिले।
कैंडल मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने न्याय की मांग को लेकर नारेबाजी की और सरकार से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की अपील की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, पार्टी उनका साथ देती रहेगी।
