उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के मेहनौन विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने मुख्यमंत्री को ‘कालनेमि’ बताते हुए उनकी कार्यशैली और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
शंकराचार्य ने कहा कि जो व्यक्ति बाहर से संत और योगी का भगवा वस्त्र धारण करता हो, लेकिन उसके विचार और कार्य उससे मेल न खाते हों, उसे “कालनेमि” कहा जाएगा। उन्होंने गौ संरक्षण के मुद्दे पर भी राज्य सरकार की आलोचना की।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर मुख्यमंत्री गौ को माता बताते हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी सरकार में गौ को पशु की श्रेणी में रखा जा रहा है। साथ ही उन्होंने प्रदेश में गौहत्या, मांस की बिक्री और कथित तस्करी के मामलों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
शंकराचार्य के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय या राज्य सरकार की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
