बिहार के नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के पेशौर गांव में बुधवार को पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि एक युवक ने अपने ही बड़े भाई की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे पिता और छोटे भाई पर भी चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय सिंटू कुमार, पिता सुनील पंडित, के रूप में हुई है। वहीं घायल पिता सुनील पंडित और 24 वर्षीय विपिन कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घायल विपिन कुमार ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने चाकू निकालकर सिंटू कुमार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे पिता और विपिन कुमार को भी चाकू मारकर घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रहुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
