पूर्वी सिंहभूम पुलिस की दंगा-रोधी मॉक ड्रिल, आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का लिया गया जायजा

जमशेदपुर पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने किसी भी विषम परिस्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस केन्द्र, गोलमुरी में दंगा-रोधी मॉक ड्रिल का आयोजन किया। यह अभ्यास वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम) की मौजूदगी में संपन्न हुआ।

मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस बल को भीड़ नियंत्रण, दंगा-निरोधक कार्रवाई, त्वरित प्रतिक्रिया (Rapid Response), समन्वित ऑपरेशन तथा आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही दंगा-रोधी उपकरणों एवं सुरक्षात्मक संसाधनों के प्रभावी उपयोग का प्रदर्शन कर पुलिस बल की परिचालन क्षमता का परीक्षण किया गया।

अभ्यास के दौरान विभिन्न संभावित परिस्थितियों का सजीव प्रदर्शन किया गया, जिसमें बल की त्वरित प्रतिक्रिया, टीम समन्वय और रणनीतिक कार्रवाई का मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने जवानों को अनुशासन, सतर्कता और पेशेवर दक्षता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

पूर्वी सिंहभूम पुलिस का कहना है कि इस तरह की नियमित मॉक ड्रिल का उद्देश्य पुलिस बल को हर प्रकार की चुनौतीपूर्ण और आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार रखना है, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा और जिले में कानून-व्यवस्था हर हाल में बनी रहे।