पटना में बंटी यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

 राजधानी पटना के करबिगहिया निवासी बंटी यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रवीश उर्फ बीसी गंगा के उस पार से पटना आया है। वह किसी से पैसे लेने के बाद नेपाल भागने की फिराक में था। सूचना मिलते ही पुलिस ने बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित गंगा घाट के पास घेराबंदी कर दी।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को पहले आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई, लेकिन उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें रवीश के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों एवं पूरे नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।