बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में बीपीएससी अध्यक्ष की अध्यक्षता में राज्य के सभी जिलाधिकारियों (DM) एवं वरीय पुलिस अधीक्षकों (SSP) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि 26 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली इस परीक्षा में राज्यभर के 996 परीक्षा केंद्रों पर करीब 5.15 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए सभी जिलों को समयबद्ध तरीके से प्रशासनिक एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधा, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई एवं भंडारण, कदाचार रोकने के उपाय तथा संवेदनशील केंद्रों की विशेष निगरानी जैसे विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई।
आयोग ने सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बीपीएससी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
