पश्चिम चंपारण में लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। नदी-नाले, पोखर और गहरे गड्ढे पानी से लबालब भर गए हैं। इसी बीच सिकटा थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव में एक दर्दनाक हादसे में दो मौसेरी बहनों की डूबने से मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, हसनपुरा गांव में पानी के पास खेल रही छोटी बहन अचानक गहरे पानी में चली गई। उसे डूबता देख बड़ी मौसेरी बहन बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने के लिए पानी में कूद गई। लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण दोनों खुद भी डूब गईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से नदी, पोखर और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की अपील की है।
