हड़बोड़ा नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा, एक बच्ची लापता

पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज अनुमंडल के शिकारपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को हड़बोड़ा नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। धूमनगर गदीयानी टोला के समीप नदी में नहा रही तीन बच्चियां डूब गईं। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की तत्परता से दो बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक बच्ची अब भी लापता है। उसकी तलाश लगातार जारी है।

जानकारी के अनुसार, मंटू राम की 12 वर्षीय पुत्री प्रियंका नदी में डूबने के बाद लापता हो गई। वहीं चंदू राम की 9 वर्षीय पुत्री रानी कुमारी और तारकेश्वर राम की 8 वर्षीय पुत्री को समय रहते ग्रामीणों ने नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बताया जा रहा है कि बच्चियों को डूबता देख उन्हें बचाने के लिए एक युवक नदी में कूद गया। इस दौरान वह भी गहरे पानी में डूब गया। युवक की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की टीम द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। लापता बच्ची और युवक की तलाश के लिए राहत एवं बचाव कार्य जारी है। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में नदी और जलाशयों के पास विशेष सतर्कता बरतने तथा बच्चों को अकेले नदी में नहाने नहीं भेजने की अपील की है।