पश्चिम चंपारण जिले के सिकटा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो मौसेरी बहनों की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतकों की पहचान सिकटा थाना क्षेत्र के हसनपुरा निवासी अली हुसैन अंसारी की 18 वर्षीय पुत्री गुलशन खातून तथा चनपटिया थाना क्षेत्र के पुरैना निवासी स्वर्गीय अरमान अंसारी की 12 वर्षीय पुत्री जिया फिरदौस के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, जिया फिरदौस अपने मौसा सदा हुसैन के घर हसनपुरा आई हुई थी। शनिवार सुबह दोनों मौसेरी बहनें सिकटा नदी के किनारे गई थीं। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही सिकटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों के शव नदी से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में नदी और जलाशयों के पास सतर्क रहने की अपील की है।
