मधुबनी पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश का पर्दाफाश करते हुए सात लाख रुपये की सुपारी पर हत्या की योजना को वारदात से पहले ही विफल कर दिया। रुद्रपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध देशी कट्टे के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि रुद्रपुर निवासी सौरभ शांडिल्य की हत्या की पूरी योजना बनाई गई थी। इसके लिए सात लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी और आरोपी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। पुलिस की सतर्कता और समय पर कार्रवाई से हत्या की इस बड़ी साजिश को अंजाम देने से पहले ही विफल कर दिया गया।
शुक्रवार शाम झंझारपुर कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर रुद्रपुर थाना पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान दो आरोपितों को अवैध देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में सुपारी लेकर हत्या की साजिश रचने की बात स्वीकार की है।
पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और साजिश के पीछे के कारणों की भी गहन जांच की जा रही है।
एसडीपीओ ने कहा कि समय रहते पुलिस की कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई और संभावित हत्या को रोका जा सका। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
