भारतीय रेल के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन को “अमृत स्टेशन” के रूप में राष्ट्र को समर्पित किया। यह लोकार्पण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया।
प्रधानमंत्री ने पंजाब के जालंधर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में स्थित 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का एक साथ उद्घाटन किया। लगभग 1,570 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इन स्टेशनों का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और ‘विकास भी, विरासत भी’ की भावना को साकार करना है।
भागलपुर का शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन अब आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस हो गया है। स्टेशन पर बेहतर प्रतीक्षालय, स्वच्छ परिसर, आकर्षक भवन, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, बेहतर पेयजल एवं शौचालय जैसी सुविधाओं का विकास किया गया है। स्टेशन के पुनर्विकास में स्थानीय संस्कृति और विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देने के साथ-साथ क्षेत्रीय पहचान को भी संरक्षित किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके और स्थानीय विकास को नई गति मिले।
