उत्तराखंड के हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग पर गन्ना सेंटर के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार केंटर ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मृतक की पहचान शमशेर सिंह (47), पुत्र मोहन सिंह, निवासी गंगापुर कबड़वाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शमशेर सिंह हल्द्वानी से मोटाहल्दू स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गन्ना सेंटर के पास तेज रफ्तार केंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, यातायात को सुचारु कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने केंटर को अपने कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
