पश्चिम चंपारण जिले के वाल्मीकिनगर स्थित कौटिल्य हॉस्टल में छात्र क्रिश कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में शनिवार को वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा पीड़ित परिवार से मिलने उनके गांव पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
विधायक संतपुर सोहरिया पंचायत के करमहवा टोला स्थित मृतक छात्र के घर पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। इस दौरान मृतक के पिता गोपाल शर्मा ने पूरी घटना से विधायक को अवगत कराते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और न्याय की मांग की।
विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते समय वह पटना में थे। सूचना मिलते ही उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
विधायक ने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
