जमीन विवाद में युवक की हत्या, शव जलाने का आरोप गांव में सनसनी

पश्चिम चंपारण जिले के नौतन थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की कथित हत्या और शव जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही नौतन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना नौतन थाना क्षेत्र के श्यामपुर कोतराहां गांव के बैजु भगत टोला (वार्ड-08) की है। मृतक की पहचान विजय भगत (38 वर्ष) के रूप में हुई है।

मृतक की पत्नी नीतू देवी ने आरोप लगाया है कि गुरुवार को जमीन के बंटवारे को लेकर उनके पति का बड़े भाई परशुराम भगत, पिता मैनेजर भगत, मां, भाभी तथा देयादिन मरछिया देवी के साथ विवाद हुआ था। उनका कहना है कि दोपहर में वह बकरी चराने खेत गई थीं। इसी दौरान आरोपितों ने विजय भगत की हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को जला दिया।

घटना की सूचना मिलते ही नौतन थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों के आरोपों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।