उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री एवं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने रामपुर स्थित मुहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नहीं, बल्कि तत्कालीन समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार जिम्मेदार है।
बलिया में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राजभर ने कहा कि यदि जौहर यूनिवर्सिटी सरकारी भूमि पर बनाई गई थी, तो सपा सरकार के कार्यकाल में ही उसके सभी आवश्यक दस्तावेज और राजस्व अभिलेख दुरुस्त करा लिए जाने चाहिए थे। उनका आरोप था कि उस समय ऐसा नहीं किया गया, जिसके कारण आज यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
राजभर ने कहा कि आजम खान सपा के बड़े नेता थे और उस समय प्रदेश में उनकी ही सरकार थी। ऐसे में यदि निर्माण और भूमि से जुड़े सभी दस्तावेज समय पर पूरे कराए गए होते, तो आज विवाद की नौबत नहीं आती।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार की कार्यशैली के कारण आजम खान कानूनी विवादों में फंस गए। राजभर के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर जौहर यूनिवर्सिटी का मुद्दा चर्चा में आ गया है।
