उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र में चर्चित कामजी गोड़ हत्याकांड को लेकर अब आरोपी पक्ष भी खुलकर सामने आया है। आरोपी ग्राम प्रधान के भाई विक्की सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हत्या के मामले में लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया।
विक्की सिंह ने दावा किया कि उनके भाई को जानबूझकर इस मामले में फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना वाले दिन का CCTV फुटेज उनके पास मौजूद है, जिससे यह स्पष्ट हो जाएगा कि उनके भाई घटना के समय गांव में मौजूद ही नहीं थे।
उन्होंने यह भी कहा कि उनके भाई ने घटना के संबंध में पुलिस को कोई फोन कॉल नहीं किया और न ही उनका इस हत्या से किसी प्रकार का संबंध है। आरोपी पक्ष का कहना है कि जांच पूरी निष्पक्षता से की जाए और सभी तकनीकी एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाए।
हालांकि, पुलिस की ओर से इस दावे पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही है।
