उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक पंचर की दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर चिंटू बाबा मंदिर के सामने स्थित आरिफ पंचर की दुकान में रखे पुराने टायरों में अचानक आग लग गई, जिससे देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की चपेट में आने से दुकान में रखे दर्जनों पुराने टायर जलकर राख हो गए। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास की दुकानों और मकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया।
इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
