बिहार के नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरी पंचायत के कल्याणपुर गांव में रविवार को आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में दो मवेशियों की भी जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
मृतक की पहचान कल्याणपुर गांव निवासी 45 वर्षीय श्यामजी प्रसाद, पिता स्वर्गीय विमल यादव, के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, श्यामजी प्रसाद गांव के समीप रामपुर खंधा स्थित खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला, तेज बारिश शुरू हुई और आकाशीय बिजली उनकी चपेट में आ गई।
वज्रपात इतना तेज था कि किसान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पास में घास चर रहे दो मवेशी भी बिजली गिरने से मारे गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। प्रशासन ने आपदा राहत प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता दिलाने का भरोसा दिया है।
बारिश और वज्रपात के मौसम में प्रशासन ने लोगों से खुले खेतों, पेड़ों और ऊंचे स्थानों पर जाने से बचने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
